जूई इलाके में यूरिया खाद की किल्लत बनी हुई है। खाद लेने को किसान उमड़ पड़ रहे हैं। कुल 1100 बैग यूरिया आई हुई है। खाद लेने को हजारों किसान आ गए जिसके चलते खाद केंद्र पर अव्यवस्था के हालात बने हैं। खाद की मशीन में तकनीकी खराबी आने और मशीन के नहीं चलने से दिक्कत से किसानों का सब्र भी जवाब दे रहा है। सोमवार सुबह जूई खाद केंद्र पर यूरिया लेने के लिए किसानों के बीच काफी मारामारी देखी गई। किसानों का आरोप है कि पहले से ही अधिकारियों को किसानों के लिए पर्याप्त खाद की व्यवस्था करनी चाहिए थी, लेकिन ऐन वक्त पर किसानों को खाद लेने के लिए भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सोमवार सुबह धुंध के दौरान जूई खाद खरीद केंद्र पर काफी किसानों की भीड़ जुटी रही। किसानों के हंगामे को देखते हुए पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने किसानों को व्यवस्थित किया और खाद वितरण सुचारु कराया।