जिले के गांव नौरंगाबाद में शुक्रवार दोपहर को पंचायत के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है। इस दौरान एक युवक के पैर में गोली लगी। जिसे गंभीर रूप से घायल होने पर जिला नागरिक अस्पताल लाया गया। वहीं घायल की पहचान बवानीखेड़ा निवासी उपेंद्र के रूप में हुई है। उपेंद्र गांव नौरंगाबाद में अपनी रिश्तेदारी में आया हुआ था। पंचायत के दौरान हुई फायरिंग में उपेंद्र को गोली लगी। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही औद्योगिक पुलिस थाना की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पंचायत के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई, जो बाद में हिंसक हो गई। इसी दौरान पंचायत में मौजूद एक व्यक्ति ने फायरिंग कर दी, जिससे उपेंद्र घायल हो गया। पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।