भिवानी में जल्दबाजी के चक्कर में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। वाहन चालक बंद फाटक के बावजूद दुपहिया वाहनों को बूम के नीचे से निकाल नियमों की भी धज्जियां उड़ा रहे हैं। वहीं बंद फाटक के बाद नीचे से वाहन निकालने में लोग अपनी जान भी जोखिम में डाल रहे हैं। रेलवे फाटक पर दो ट्रैफिक कर्मचारी और फाटक पर एक रेलवे का गेट मैन भी तैनात हैं, बावजूद लोग बंद फाटक को क्रॉस करने से बाज नहीं आ रहे हैं। वाहनों की टक्कर से पहले भी कई बार लोहारू रेलवे फाटक का बूम टूट चुका है। जिसकी वजह से भी यहां फाटक कई घंटों तक बंद करना पड़ा है। लोहारू रोड पर पुराना पुल तोड़कर नया रेलवे ओवरब्रिज बन रहा है। इस वजह से वहां रास्ता डेढ़ साल के लिए स्थायी तौर पर बंद कर दिया है। ऐसे में देवसर चुंगी लोहारू रोड रेलवे फाटक से ही वाहन लोहारू, पिलानी, बहल, चरखी दादरी, नारनौल और महेंद्रगढ़ की तरफ आवागन करते हैं। ऐसे में दिनभर में ये फाटक कई घंटों बंद भी रहता है। संवाद