तोशाम के पंचायत भवन में रविवार को अमर उजाला की ओर से चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर तोशाम बार एसोसिएशन, ग्राम पंचायत तोशाम के पंचों और व्यापारियों एवं दुकानदारों ने तोशाम के विकास को और अधिक गति देने की पुरजोर मांग उठाई। चौपाल में मौजूद लोगों ने एक सुर में कहा कि तोशाम को स्वच्छ और सुंदर बनाए जाने की तरफ ध्यान दिया जाए। इसके अलावा तोशाम को जाम से मुक्ति, ठप सीवर से निजात दिलाने के साथ-साथ शहर के बाजारों में सफाई व्यवस्था भी बेहतर की जाए। मुंगीपा नगरी तोशाम में ग्राम सचिवालय (पंचायत घर) में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच राजेश तंवर ने की। कार्यक्रम में तोशाम बार के अध्यक्ष एडवोकेट मंदीप कांटिया, सामाजिक कुप्रभा निषेध अभियान कमेटी के चेयरमैन कुलवीर धायल, अनिल गर्ग, बिजेंद्र बंसल, संजय गुप्ता, मनोज कुमार पंच, संजय नाफरिया पंच, विजय पंच प्रतिनिधि, कर्मबीर पंच, लखन पंच प्रतिनिधि सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुंगीपा नगरी तोशाम में जनसंख्या और मतदाता के मुकाबले बाहर से आकर यहां रहने वाले लोगों की आबादी अधिक है। इसकी वजह यहां खनन का कारोबार से जुड़ा रोजगार माना जा रहा है। हालांकि गांव के विकास कार्यों के लिए जनसंख्या और मतदाता के हिसाब से ही विकास का बजट मिल रहा है। इसके अलावा ग्राम पंचायत के पास अपनी आय का स्थायी स्त्रोत भी है, ऐसे में तोशाम की पंचायत अमीर पंचायतों में शुमार है। कस्बा वासियों का तर्क है कि गांव की संपदा और संसाधनों के लिहाज से इसके पिछड़पन को दूर करने के लिए तेजी से विकास कराना होगा। हालांकि ग्राम पंचायत के काफी बड़े काम फिलहाल चल रहे हैं, जिनके पूरा होने पर कस्बे का अभूतपूर्व विकास भी नजर आने लगेगा।