इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला मंगलवार को बड़ चौक स्थित भगवान परशुराम धर्मशाला में पहुंचे। इस दौरान उनके साथ राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय संगठन उमेद लोहान मौजूद रहे। भिवानी पहुंचने पर जिला अध्यक्ष अशोक ढाणीमाहू ने इनेलो नेताओं का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए जोर-शोर से अभियान चलाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री डाॅ. वासुदेव शर्मा ने फिर से इनेलो में घर वापसी की। चौ. अभय सिंह चौटाला और रामपाल माजरा ने डाॅ. शर्मा को पार्टी की सदस्यता दिलाई। कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने पत्रकारों से हरियाणा की मौजूदा राजनीति पर विस्तृत बातचीत की और सत्ताधारी दल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। प्रदेश पर साढ़े 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक का कर्ज है, लेकिन विकास कहीं नजर नहीं आता। राज्य की ताकत कमजोर हुई है और प्रदेश का पैसा लुटेरे अपनी जेबों में डाल गए हैं। चौटाला ने कहा कि किसान और मजदूर समेत प्रदेश का हर वर्ग दुखी और त्रस्त है। सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान बुरी तरह बर्बाद हो चुके हैं। युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं, जिस कारण गांव के गांव खाली हो रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस में मिलीभगत है। ये दोनों दल सिर्फ सत्ता हथियाने की राजनीति करते हैं, इन्हें प्रदेश के लोगों के हितों की कोई चिंता नहीं है।