पुलिस लाइन मैदान में गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। इस मौके पर उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, एडीसी विराट, एसडीएम दर्शन कुमार, नगराधीश अभिषेक गर्ग सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न टुकड़ियों के प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का फाइनल अवलोकन किया। इससे पहले उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने पुलिस लाइन परिसर में स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित करके शहीदों को श्रद्घांजलि दी। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि 77वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मार्च पास्ट का रविवार को फाइनल फुल ड्रेस अभ्यास पुलिस लाइन मैदान अंबाला शहर में किया गया। इस मौके पर जिला स्तरीय समारोह में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगी और मार्च पास्ट की सलामी लेंगी। कार्यक्रम में जिला के स्वतंत्रता सैनानियों, युद्ध वीरांगनाओं, शहीदों के परिजनों, आपातकालीन पीड़ित व हिंदी आंदोलन के सत्याग्रहियों को सम्मानित भी किया जाएगा।