धीन गांव से ब्यास सत्संग सुनने के लिए जा रहे परिवार की पिकअप को राजपुरा के निकट तेजरफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर ही पलट गई। यह हादसा 27 जून को हुआ था। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए रात को ही अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में लाया गया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद गीता देवी की बिगड़ती हालत को देखते हुए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। जबकि अन्य घायल धीन गांव निवासी 47 वर्षीय अजय, 42 वर्षीय डिम्पल देवी, 39 वर्षीय दिनेश, 12 वर्षीय सिमरनजीत, 15 वर्षीय कनिष्का, 4 वर्षीय तनीषा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। घायल अजय ने बताया कि वह दो गाड़ियों में पूरे परिवार व रिश्तेदार के साथ ब्यास सत्संग सुनने के लिए जा रहे थे। अभी वह राजपुरा के पास ही पहुंचे थे कि कार ने साइड से टक्कर मार दी। इतने में उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। चीख पुकार मचने के बाद राहगीरों ने मदद कर बच्चों व महिलाओं को बाहर निकाला। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।