स्वर्णकारों की दुकानों को निशाना बनाने वाले शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का अंबाला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के सदस्यों ने 18 दिसंबर 2025 को अंबाला कैंट के चमेली पुल के पास सुनार दीवार तोड़कर लाखों के आभूषण चुराए थे। पुलिस ने बाजारों में पैदल घुमाया व थाने में आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते हुए दिखाई दे रहे थे।कैंट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेन्द्र सिंह सिद्धू ने शनिवार थाने में प्रेसवार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए पांच आरोपियों से 8 किलोग्राम चांदी, एक अवैध पिस्तौल और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस एक महीने से आरोपियों की तलाश कर रही थी। 500 सीसीटीवी खंगालने के बाद सफलता मिली। जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश के जिला शाहजहांपुर के रहने वाले हैं व अलग-अलग शहरों में झुग्गियां बनाकर रहते हैं ताकि किसी को शक न हो। 16 जनवरी 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य अंबाला कैंट में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए शाहपुर मंडी के पास इकट्ठा हो रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर सुरेन्द्र सिंह सिद्धू की टीम ने घेराबंदी कर 5 आरोपियों को काबू किया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।