अंबाला कैंट यूनिट के आह्वान पर सभी सब यूनिटों में लिपिक गुरविंदर के निलंबन के विरोध में बिजली कर्मचारियों का धरना 10 वें दिन भी जारी रहा। कैंट यूनिट के अधीन सभी सब यूनिटों में धरना प्रदर्शन 1 घंटे और नंबर 2 सब यूनिट में दो घंटे का किया गया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए यूनिट प्रधान सतबीर देसवाल ने कहा कि धरना प्रदर्शन की दशा और गति बिलकुल सही दिशा में चल रही है। कर्मचारियों को धैर्य रखने की जरूरत है। आवेश में कोई गलत फैसला नहीं लेना है यूनिट बिल्कुल सही तरीके से धरने को संगठित करके आगे चल रही है।अधिकारियों के साथ यूनियन राज्य स्तरीय एडहॉक समिति से भी लगातार संपर्क में है। ऊपर से यही आदेश हैं कि विरोध जारी रखें। अगर कोई अधिकारी बातचीत के लिए बुलाता है तो अपनी बात उनके सामने रखें। अंबाला कैंट यूनिट द्वारा अपनी बात समय-समय पर अधिकारियों के समक्ष रखी गई है और यूनियन की एकमात्र मांग लिपिक गुरविंदर सिंह को बहाल करवाना है। जब तक ये मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक यह आंदोलन इसी तरह चलता रहेगा,चाहे इसमें कितना भी समय देना पड़े।