अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयानों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि एक परिवार का सफर प्रधानमंत्री हाउस से सड़क तक सिमट चुका है और अब इनका मुख्य काम देश में आग भड़काना रह गया है। एक बयान के दौरान विज ने छात्रों और पुलिस के बीच हुई झड़पों पर राहुल गांधी द्वारा गृह मंत्री अमित शाह की गैर-मौजूदगी पर सवाल उठाने को कोरा ढोंग बताया। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है। यदि छात्रों पर बर्बरता हुई है तो जांच होनी चाहिए, लेकिन हिंसा के दौरान घायल हुए 120 पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद करीब 2800 असामाजिक तत्वों पर राहुल गांधी चुप्पी क्यों साधे हुए हैं। वहीं, भारतीय हॉकी टीम की जर्सी का रंग नीले से केसरिया किए जाने पर विज ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि केसरिया रंग पवित्रता और सूर्य के तेज का प्रतीक है। इस नए बदलाव के साथ भारतीय टीम मैदान पर विरोधियों को पूरी तरह धराशायी कर देगी।