हरियाणा के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज के स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए उनके आवास पर दिनभर प्रदेशभर से प्रशंसकों और नेताओं का तांता लगा रहा। इस दौरान माहौल बेहद भावुक और उत्साहजनक दिखा। भाजपा आईटी सेल के सामने विज ने शायराना अंदाज में गुनगुनाया, तुम्हारी दुआओं से ही मैं जिंदा हूं, वरना मैं तो धरती का छोटा सा परिंदा हूं, वहीं, हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर व जींद से विधायक डा. कृष्ण लाल मिड्ढा ने शायराना अंदाज में मंत्री अनिल विज का हालचाल जानते हुए गुनगुनाया-तेरे चेहरे से नजर नहीं हटती नजारे हम क्या देखें, तुझे मिलके भी प्यास नहीं बुझती नजारे हम क्या देखें। उन्होंने मंत्री अनिल विज के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।इसी प्रकार महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक गीत गाकर उनके दीर्घायु होने की कामना की। राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, विधायक राम कुमार गौतम और गायक राजू वडाली सहित कई दिग्गजों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। देर शाम तक विज के समर्थक उनके आवास पर डटे रहे।