हिमांयूपुर पठानमाजरा गांव के निवासी अमित बख्शी (37) की रविवार देर रात्रि इंग्लैंड के लीसेस्टर में चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने बताया कि दोनों की दोस्ती इतनी अच्छी थी कि हम समझते ही नहीं थे कि दोनों अलग-अलग हैं। आरोपी अमर सिंह के घर की हालत ठीक नहीं थी। उसकी पत्नी भी गुजर गई थी। ऐसे में उसकी बहन और अन्य परिजनों का घर का खर्चा भी अमित ही देते थे। वह हमेशा कहते थे कि अमर तेरा भाई बैठा है चिंता न कर। मृतक के ताऊ के बेटे राकेश ने बताया कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि भाई अमित के साथ ऐसी घटना घटित हो जाएगी। आरोपी पंजाब के अमृतसर निवासी अमर सिंह के साथ उसकी 17 साल पुरानी दोस्ती थी। अमित जब इंग्लैंड गए थे तभी से दोनों में दोस्ती थी। दोनों की इतनी गहरी दोस्ती थी कि दोनों के परिवार एक दूसरे से मिलने आते थे और सुख दुख की बातें भी करते थे। राकेश ने बताया कि उन्हें जो जानकारी लगी है उसके अनुसार यह घटना गलती से हुई। आरोपी अमर शराब के नशे में मजाक कर रहा था इसी दौरान चाकू अमित के सीने पर लग गया, जो उसके दिल पर लगा। पोस्टमार्टम में दिल में एक इंच गहरा घाव निकला, जिसके कारण दिल पंचर हो गया। जिससे अमित की मौके पर ही मौत हो गई। भाई बोले कि जब घटना हुई है तो भुगतनी तो होगी। भारतीय समय के अनुसार मंगलवार रात्रि को आरोपी अमर सिंह को इंग्लैंड की कोर्ट सजा सुनाएगी। वहीं विदेशी प्रक्रिया के बाद अभी अमित का शव आने में एक सप्ताह का समय लग सकता है।