फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

By-Election Results 2025: गुजरात में आप और भाजपा ने जीती एक-एक सीट

Mon, 23 Jun 2025 05:19 PM IST
सुरेश शाह वीडियो डेस्क अमर उजाला डॉट कॉम

Gujarat By-Election Results 2025: गुजरात की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को बड़ी सफलता मिली। आप नेता गोपाल इटालिया ने विसावदर सीट पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा के राजेंद्र चावड़ा ने कडी सीट पर अपना कब्जा बनाया। आम आदमी पार्टी के पूर्व गुजरात अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट पर अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार किरीट पटेल को 17,554 मतों के अंतर से हराया। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कुल 21 राउंड की मतगणना के बाद गोपाल इटालिया को 75 हजार 942 वोट मिले, जबकि भाजपा के पटेल को 58 हजार 388 वोट मिले।

वहीं, मेहसाणा जिले की कडी सीट पर अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित थी। भाजपा के राजेंद्र चावड़ा सभी 22 राउंड की मतगणना के बाद कांग्रेस के रमेश चावड़ा से 39,452 मतों के अंतर से विजयी हुए। राजेंद्र चावड़ा को 99,742 वोट मिले, जबकि पूर्व कांग्रेस विधायक रमेश चावड़ा को 60,290 वोट मिले।

विसावदर सीट दिसंबर 2023 में तत्कालीन आप विधायक भूपेन्द्र भयानी के इस्तीफा देने और सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल होने के बाद खाली हो गई थी। वहीं भाजपा विधायक करसन सोलंकी के निधन के बाद 4 फरवरी से कडी विधानसभा सीट खाली थी। उपचुनाव में भाजपा ने राजेंद्र चावड़ा को मैदान में उतारा था, जबकि कांग्रेस ने रमेश चावड़ा को टिकट दिया था, जिन्होंने 2012 में सीट जीती थी, लेकिन 2017 में भाजपा के करसन सोलंकी से हार गए थे। विसावदर की तरह कडी में भी त्रिकोणीय मुकाबला था, जहां अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप ने जगदीश चावड़ा को मैदान में उतारा था।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें