भारतीय जनता पार्टी गुजरात विधानसभा चुनाव में उत्तर भारतीयों को लुभाने के लिए उन्हें ज्यादा सीटों पर उतार सकती है। पार्टी पदाधिकारियों से उत्तर भारतीयों की बहुलता वाली सीटों पर उत्तर भारतीय समुदाय के जिताऊ चेहरों की पहचान करने के लिए जमीनी स्थिति का आकलन करने के लिए कहा गया है। इससे पार्टी को दक्षिण गुजरात की 20 से 25 सीटों पर जीत हासिल करने में मदद मिलेगी, साथ ही अन्य 50 सीटों पर वह बढ़त वाली स्थिति में आ सकती है। इसे आम आदमी पार्टी की गुजरात में पकड़ को कमजोर करने की रणनीति भी माना जा रहा है क्योंकि इसी वोट बैंक के सहारे अरविंद केजरीवाल ने भाजपा के गढ़ सूरत को भेदने में सफलता पाई थी।