पिछले कई दिनों से पड़ रही धूप और उमस वाली गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। इस मौसम में सर्दी, जुकाम, बुखार और पेट दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। बच्चे भी इससे अछूते नहीं रहे हैं। जिला महिला अस्पताल में इस समय वायरल फीवर के मरीजों की भीड़ लगी है। प्रतिदिन ओपीडी में वायरल फीवर से पीड़ित 100 से ज्यादा बच्चे आ रहे हैं। जिला महिला अस्पताल के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव के कारण वायरल इन्फेक्शन तेजी से फैल रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को धूप से बचाएं, पानी उबालकर पिलाएं और हल्का सुपाच्य भोजन दें। बुखार 3 दिन से ज्यादा रहे तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।