एम्स पुलिस ने महराजगंज की रहने वाली बर्फी देवी की हत्या कर शव छावनी रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में फेंकने वाले आरोपी को शनिवार भोर में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और मृतका के मंगलसूत्र का लॉकेट बरामद किया है। एसपी सिटी निमिष पाटिल के मुताबिक, शनिवार भोर में आरोपी की लोकेशन छावनी स्टेशन के पास मिली। इसके बाद एसओजी, स्वॉट, सर्विलांस और एम्स थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।