बिजली गिरने से बालक की मौत, दो अन्य गंभीर रूप से घायल -खेत में धान की नर्सरी निकालते समय हुए प्राकृतिक हादसे के शिकार परसामलिक।सोनौली थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत हनुमानगढ़िया टोला सोहनी में सोमवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे खेत में काम कर रहे एक बालक, महिला तथा एक युवक समेत तीन लोग बिजली गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए । आस-पास के लोगों की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी रतनपुर भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल महिला तथा युवक का उपचार चल रहा है। बालक की मौत होते ही अस्पताल में चीख पुकार मच गई। थोड़ी ही देर में वहां काफी भीड़ इकट्ठा हो गई।सूचना पर पहुंची सोनौली पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। जानकारी के अनुसार गांव के सिवान में बादलों की गरज-चमक और बारिश के दौरान खेत में धान की नर्सरी निकाल रहे थे। इसी बीच बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर आयुष चौरसिया (12) गम्भीर रूप से घायल हो गया। वहीं बगल के खेत में काम कर रहे उसके चाचा महेश चौरसिया (28) तथा अनीता ( 36) भी गम्भीर रूप से ज़ख्मी हो गए। आस-पास के लोगों की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी रतनपुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने आयुष चौरसिया को मृत घोषित कर दिया। अनीता और महेश का सीएचसी में उपचार जारी है। मृतक दो भाईयों में सबसे छोटा था। हादसे से माता मुन्नी देवी, पिता सुरेश चौरसिया व बड़ा भाई आरुष का रो-रो कर बुरा हाल है। इसको लेकर मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं गांव में चारों तरफ मातमी माहौल है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह ने बताया कि हनुमानगढ़िया टोला सोहनी में बिजली गिरने से एक बालक की मौत हो गई है, और एक महिला समेत दो अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस ने सीएचसी रतनपुर जाकर शव को कब्जे में ले लिया है।