बाहरी उत्तरी जिला साइबर सेल ने फर्जी शेयर ट्रेडिंग एप में निवेश पर पांच से दस फीसदी दैनिक रिटर्न देने का झांसा देकर ठगी के दो आरोपी जालसाजों को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक शख्स से 11.20 लाख रुपये की ठगी की थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साबरकांठा, गुजरात निवासी जाबिर हुसैन और माज आरोदिया के रूप में हुई है। इनके कब्जे से पुलिस ने दो मोबाइल फोन, एक पासबुक, दो डेबिट कार्ड और एक चेक बुक बरामद की है।बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 13 मई को नेशनल क्राइम पोर्टल के जरिये साइबर सेल को ठगी की शिकायत मिली। इसमें शिकायतकर्ता ने ब्लिंकएक्समैक्स नामक एक फर्जी ट्रेडिंग एप के जरिये निवेश करने पर 11.20 लाख की ठगी होने की शिकायत की। शिकायतकर्ता ने बताया कि जालसाजों ने उससे पहली बार फेसबुक ग्रुप के जरिये संपर्क किया था। जालसाजों ने निवेश पर पांच से 10 फीसदी रिटर्न का आश्वासन दिया। आरोपियों ने फर्जी लाभ स्क्रीनशॉट भी दिखाए। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया।