दिल्ली सॉकर एसोसिएशन (डीएसए) ए-डिवीजन लीग 2025-26 का समापन शानदार अंदाज में हुआ। पूरे सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली हॉप्स फुटबॉल क्लब ने खिताब अपने नाम किया, जबकि ग्रोइंग स्टार स्पोर्ट्स क्लब उपविजेता रहा। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में आयोजित समापन समारोह में खिलाड़ियों और अधिकारियों ने लीग की सफलता का जश्न मनाया। सुपर-6 चरण में हॉप्स एफसी और ग्रोइंग स्टार एससी दोनों ने 10-10 अंक हासिल किए, लेकिन बेहतर गोल अंतर के आधार पर हॉप्स एफसी को चैंपियन घोषित किया गया। हॉप्स ने पांच मैचों में तीन जीत, एक ड्रॉ और एक हार दर्ज की। टीम ने 10 गोल किए और केवल तीन गोल खाए, जिससे उसका गोल अंतर +7 रहा। दूसरी ओर ग्रोइंग स्टार एससी ने भी तीन जीत, एक ड्रॉ और एक हार के साथ 10 अंक जुटाए, लेकिन उसका गोल अंतर शून्य रहा और उसे दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।