उत्तर-पश्चिम और बाहरी दिल्ली के लाखों लोगों को भविष्य में रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिल सकती है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने मुनक नहर (वेस्टर्न यमुना कैनाल) के साथ एक ही एलिवेटेड ढांचे पर मेट्रो और सड़क विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। प्रस्तावित योजना के तहत ऊपर मेट्रो और नीचे फ्लाईओवर या सड़क विकसित करने की व्यवहार्यता जांच के लिए डीएमआरसी ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। यदि परियोजना को मंजूरी मिलती है तो यह कॉरिडोर उत्तर-पश्चिम और बाहरी दिल्ली के लिए नया ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर बनेगा। इससे रोहिणी, पीतमपुरा, केशवपुरम, बेगमपुर और यूईआर-दो की ओर आने-जाने वाले लोगों को फायदा मिलेगा।