मोती नगर थाना पुलिस ने चोरी करने वाले अंतर-राज्यीय गैंग का खुलासा किया है। गैंग के सदस्य बाजारों में खुजली का पाउडर डालकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने गैंग के छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी बदमाश पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और वहां से आने के बाद दिल्ली के होटलों में ठहर कर वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के जरिए बदमाशों तक पहुंची। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई 79 हजार रुपये और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि गैंग के बदमाश देश के अलग-अलग राज्यों में चोरी और सेंधमारी के कई मामलों में शामिल रहे हैं। पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि 16 मई को मोती नगर थाना पुलिस को चोरी की शिकायत मिली। जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि बदमाशों ने खुजली का पाउडर डालकर उससे करीब 98 हजार रुपये चुरा लिए। थाना प्रभारी सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जिसमें पुलिस को कुछ संदिग्ध दिखे। फुटेज में दिखा कि आरोपियों ने वारदात करने के बाद रास्ते बदलकर और दो अलग-अलग ऑटो-रिक्शा में सवार होकर वहां से भाग गए। पुलिस ने उन ऑटो के जाने की दिशा में लगे करीब 80 कैमरे की जांच करते हुए पहाड़गंज के एक होटल तक पहुंची और वहां ठहरे सभी छह आरोपियों की गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान अनीश ग्वाला, निहाल ग्वाला, जॉनी जाधव ग्वाला, रमेश, जुगनू और आनंद ग्वाला के रूप में हुई। सभी पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह अंतर-राज्यीय चोरी गिरोह के सदस्य हैं और आदतन अपराधी हैं, जो अलग-अलग राज्यों में चोरी और सेंधमारी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। वह आमतौर पर भीड़-भाड़ वाली जगहों, जैसे बाजारों और कमर्शियल इलाकों में नकद या कीमती सामान ले जाने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। एक आरोपी पीड़ित पर खुजली वाला पाउडर छिड़ककर उसका ध्यान भटकाता था और उनके दूसरे साथी इसका फायदा उठाकर पीड़ित के पास से नकद या कीमती सामान चुरा लेते थे। पुलिस इनसे पूछताछ कर दिल्ली में किए गए अपराधों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।