इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) के कलादर्शन प्रभाग के दो दिवसीय वार्षिक दिवस समारोह का शुभारंभ बुधवार को गरिमामय रूप से हुआ। अध्यक्ष रामबहादुर राय, सदस्य सचिव डॉ सच्चिदानंद जोशी और विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। समारोह में दो अनूठी प्रदर्शनियों ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। पहली प्रदर्शनी सौहार्द में भारत के सांस्कृतिक स्थलों और पंढरपुर वारी यात्रा की मनोहारी छवियां प्रदर्शित की गईं। दूसरी प्रदर्शनी 'पूर्वोत्तर राज्यों के सुषिर वाद्यों की संरचना और स्वरूप' पूर्वोत्तर भारत के दुर्लभ वाद्ययंत्रों को समर्पित थी। इस प्रदर्शनी के क्यूरेटर सिक्किम विश्वविद्यालय के बांसुरी वादक और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ संतोष कुमार हैं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सारंगी वादक उस्ताद कमाल साबरी ने अपनी प्रस्तुति से सभागार में मंत्रमुग्ध वातावरण बना दिया। इसके बाद संगीता चट्टर्जी और कल्पतरु डांस एन्सेम्बल ने दिव्य रास के माध्यम से राधा कृष्ण की लीलाओं को जीवंत कर दिया।