नूंह में पुलिस विभाग द्वारा विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाने और भविष्य में वे अच्छे चालक बनें, इस उद्देश्य से बुधवार को स्कूल स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के 2,95,413 विद्यार्थियों ने शामिल होकर यातायात नियमों पर अपनी समझ बढ़ाई। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात एवं हाईवे (हरियाणा) करनाल के दिशा-निर्देशों के अनुसार इस परीक्षा के लिए डीएसपी फिरोजपुर झिरका अजायब सिंह व यातायात थाना प्रभारी सुखबीर द्वारा शिक्षा विभाग के साथ मिलकर सभी तैयारियां की गई थी। डीएसपी अजायब सिंह ने बताया कि बुधवार को हुई परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग के साथ मिलकर एक प्लान तैयार किया गया था। जिला के मदरसा, राजकीय/ प्राइवेट स्कूल एवं आईटीआई/कॉलेज सहित 1120 शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे 2,95,413 विधार्थी इस परीक्षा में बैठे। इस परीक्षा का मतलब हर बच्चे को शिक्षा के साथ-साथ यातायात नियमों की जानकारी देना है। बचपन से सीखा हुआ सबक जिंदगी भर याद रहता है, इसी उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा शिक्षा विभाग के साथ मिलकर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। जिसके बाद जल्द ही अब दूसरे राउंड में परीक्षा आयोजित करवाई जाएगी। डीएसपी अजायब सिंह ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाने के साथ ही आह्वान किया कि कोई भी नाबालिग छात्र वाहन न चलाएं। नाबालिग वाहन चालक स्वयं की जान जोखिम में डालने के साथ ही सामने वाले की जान भी जोखिम में डाल देते है। 18 साल से कम उम्र के जो बच्चे सड़क पर दोपहिया वाहनों को दौड़ा रहे हैं उनके व वाहन मालिक के खिलाफ यातायात पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। सावधानी में ही सुरक्षा है।