हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य भूपेंद्र चौहान व अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप सिंह मलिक की अध्यक्षता में जिला में आगामी 26 व 27 जुलाई को होने वाली सीईटी परीक्षा के सफल संचालन के उद्देश्य से की गई तैयारियों व प्रबंधों की समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में सीईटी परीक्षा के लिए नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट व सेंटर सुपरवाइजर सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे। सदस्य भूपेंद्र चौहान ने कहा कि आयोग की ओर से परीक्षा के संबंध में सभी स्तर से संबंधित विस्तृत गाइडलाइन जारी की गई हैं। इसमें सेंटर सुपरवाइजर, इनविजिलेटर, ड्ïयूटी मजिस्ट्रेट, पुलिस प्रशासन व परीक्षार्थी आदि सभी के लिए अलग-अलग गाइडलाइन जारी की गई हैं। परीक्षार्थियों के साथ-साथ ड्ïयूटी पर रहने वाले सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को इन गाइडलाइन को अच्छी प्रकार से पढ़ना चाहिए और परीक्षा के सफल संचालन के लिए इनकी अक्षरश: अनुपालना सुनिश्चित करनी चाहिए। परीक्षा केंद्र के अंदर केवल ड्ïयूटी पर तैनात स्टाफ व परीक्षार्थी की ही एंट्री होगी। इसके अलावा ड्ïयूटी पर रहने वाले पुलिस कर्मचारी व ड्ïयूटी मजिस्ट्रेट भी परीक्षा हॉल के अंदर नहीं जाएंगे। परीक्षार्थियों की एंट्री तलाशी व बायोमैट्रिक के साथ एक पहचान पत्र के साथ करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला नूंह से संबंधित 249 परीक्षार्थी दिव्यांग हैं, जिनका सेंटर भी जिला नूंह में ही बनाया गया है। इन दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। इसी प्रकार जिन दिव्यांग परीक्षार्थियों ने स्क्राइब यानी लिखने वाले की डिमांड की है, उसके लिए केवल 10वीं कक्षा तक के स्तर के विद्यार्थी को अनुमति दी जाए, क्योंकि परीक्षा का स्तर 12वीं पास है, इसलिए 10वीं से बड़ी कक्षा के परीक्षार्थी को अनुमति न दी जाए और इस संबंध में दिव्यांग परीक्षार्थी से अंडरटेकिंग अवश्य लें। अगर किसी स्तर पर कोई जानकारी छुपाई जाने की सूरत में परीक्षार्थी का पेपर रद्द किया जा सकता है।