मरोड़ा गांव के समीप दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह करीब छह बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई और ड्राइवर का शरीर भी जलकर कंकाल में बदल गया। सूचना के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जले हुए कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज भेजा। डीएसपी अजायब सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जली हुई कार से कंकाल बरामद किया और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक की पहचान आशीष यादव निवासी नीमराणा, राजस्थान के रूप में हुई है और कार भी उन्हीं के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने मामले की जांच हर पहलू से शुरू कर दी है।