हरियाणा राज्य के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आज नूंह में हरियाणा दिवस-सांस्कृतिक उत्सव कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाया गया। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा के तत्वावधान में जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग के सहयोग से लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई व स्कूली बच्चों की हरियाणवी लोक संस्कृति से ओत-प्रोत भव्य व रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री हरियाणा कंवर संजय सिंह, वक्फ बोर्ड हरियाणा के प्रशासक जाकिर हुसैन, जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद, उपायुक्त अखिल पिलानी, अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप सिंह मलिक, एसडीएम नूंह अंकिता पुवार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।