नोएडा सेक्टर 76 स्थित आम्रपाली प्रिंसले एस्टेट सोसाइटी में एक्सपेंशन ज्वाइंट की समस्या होने की वजह से बेसमेंट में भारी मात्रा में जलभराव हो रहा है। ऐसे में यहां गाड़ियां खड़ी करना तो दूर की बात लोगों को निकलना भी मुश्किल हो रहा है। निवासियों का आरोप है कि यहां पर पिछले पांच साल से नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (एनबीसीसी) काम कर रही है लेकिन एक्सपेंशन ज्वाइंट का काम अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे टावरों के कमजोर होने का खतरा बढ़ रहा है। सोसाइटी के एओए अध्यक्ष विकास सिंह ने बताया कि सोसाइटी में 1500 मीटर एकस्पेंशन ज्वाइंट का काम होना था लेकिन एनबीसीसी की ओर से महज 150 मीटर ही काम किया गया है, लेकिन वह काम भी सही नहीं हुआ है। इस वजह से बेसमेंट माइनस 1 और माइनस 2 में दो टावरों के बीच के एक्सपेंशन ज्वाइंट पानी का रिसाव होता है। इससे जगह-जगह जलभराव रहता है। यहां तक की गाड़ियों पर भी पानी टपकता रहता है। फैसिलिटी मैनेजर समशूल खान ने बताया कि इस संबंध में एनबीसीसी से लगातार बात की जा रही है। हालांकि अभी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। सोसाइटी निवासी ज्योत्सना पमनानी ने बताया कि बेसमेंट में पानी का रिसाव होने की वजह से ऊपरी टावरों को खतरा हो सकता है। ऐसी स्थिति रही तो टावर की दीवारें दिन पर दिन कमजोर हो जाएंगी। सोसाइटी निवासी नज्मा ने बताया कि बेसमेंट में पानी का रिसाव होने हमें गाड़ी खड़ी करने में परेशानी होती है। बिल्डिंग के कमजोर होने का खतरा भी बढ़ रहा है।