नोएडा में विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल ने संयुक्त रूप से हनुमान जन्मोत्सव पर शोभायात्रा निकाली। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग शोभायात्रा में शामिल हुए। बजरंग दल की नोएडा महानगर अध्यक्ष एवं प्रांत उपाध्यक्ष छाया शुक्ला ने बताया कि इसकी शुरूआत सेक्टर 63ए से की गई, जो कि सेक्टर 93 से लेकर सेक्टर 34 समेत शहर के अधिकतर स्थानों से गुजरी। करीब एक किलोमीटर की लंबी शोभायात्रा में हनुमान की विराट मूर्ति को विशेष रूप से सजाया गया। वहीं, इस यात्रा में शामिल किए गए ढोल नगाड़े और डीजे की धुन पर जमकर लोग थिरकते हुए नजर आए। इस शोभायात्रा का सबसे चर्चित आकर्षण रथ यात्रा राम की झांकी रही, जिसने श्रद्धालुओं और आम जनता का ध्यान आकर्षित किया। शोभायात्रा के दौरान नोएडा पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। जगह-जगह भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी और पूरे मार्ग पर निगरानी रखी जा रही थी।