नोएडा स्टेडियम उस समय उत्तराखंड की संस्कृति और उल्लास से सराबोर हो गया, जब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी महाकौथिग मेले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। जैसे ही मुख्यमंत्री नोएडा स्टेडियम पहुंचे, आयोजनकर्ताओं और उत्तराखंड समाज से जुड़े लोगों ने पारंपरिक अंदाज में ढोल-दमाऊ और पुष्पवर्षा के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। 19 दिसंबर से 25 दिसंबर तक आयोजित हो रहा उत्तराखंड महाकौथिग मेला उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, लोक कला, खानपान और परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। मेले में उत्तराखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प, लोक नृत्य, लोक संगीत और पहाड़ी व्यंजनों ने लोगों का खूब ध्यान खींचा।