फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा में वसूली गैंग का पर्दाफाश, पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा, जानें मामला

थाना कासना पुलिस ने मंगलवार को गत्ते के व्यापारियों से तमंचा दिखाकर रंगदारी वसूलने वाले गैंग का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है। यह गिरोह गत्ते का व्यापार करने वाले बाहरी राज्यों के कबाड़ियों से एक रुपये प्रति किलो के हिसाब से रंगदारी वसूलता था। एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार का कहना है कि 13 अप्रैल को एक व्यापारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग गत्ता ले जाने पर जबरन पैसा मांगते हैं और न देने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देते हैं। इस शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सौरभ (21 वर्ष), ऋषभ भाटी (19 वर्ष) एवं सलमान (21 वर्ष) को आम्रपाली कंपनी के पास से गिरफ्तार कर लिया। इनकी गिरफ्तारी से रंगदारी गैंग का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के धर्मकांटों पर नजर रखता था और जैसे ही कोई कबाड़ी गत्ता तुलवाने आता, तो यह गिरोह मौके पर पहुंचकर उससे प्रति किलो एक रुपये की रंगदारी वसूलता था। प्रतिदिन इस क्षेत्र से 15-20 गत्ते की गाड़ियां निकलती थीं, जिनमें लगभग 6-7 टन माल होता था। इस हिसाब से यह गैंग रोजाना 60-70 हजार रुपये की अवैध कमाई करता था। कबाड़ी अक्सर हापुड़, बुलंदशहर और असम जैसे बाहरी जिलों से आते हैं। इसलिए शिकायत करने से बचते हैं, जिसका फायदा उठाकर गिरोह लगातार उन्हें धमकाकर वसूली करता था। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपी दीपक, कपिल, प्रिंस, सागर, अरविंद, आकिब व अज्ञात साथियों की तलाश में जुटी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें