नोएडा के सेक्टर 107 स्थित प्रतीक एडिफिस सोसाइटी में अमर उजाला संवाद का आयोजन हुआ। यहां रहने वालों ने कहा कि यहां लगभग सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन सोसाइटी के 423 परिवारों के लिए फॉर्मेसी एवं ड्राइक्लीनिंग की दुकान नहीं है। फॉर्मेसी के लिए सोसाइटी निवासियों को दूसरी सोसाइटी या अन्य मार्केट में जाना पड़ता है। इसके अलावा सोसाइटी में फिजियोथेरेपी सेंटर शुरू करने के लिए भी प्रयास किया जा रहा है। हालांकि इन कार्यों में लगातार बाधाएं आ रही हैं। बताया कि सोसाइटी की मार्केट अंदर ही है, जिसमें कुल छह दुकानें बनी हुई हैं। इसमें प्रॉपर्टी डीलर, इंटीरियर डिजाइनर, सैलून, ग्रॉसरी आदि शामिल है। इसमें पूर्व एओए की ओर से प्रॉपर्टी डीलर और अपने परिवार के सदस्य को इंटीरियर डिजाइनर की दुकान 2024 मई में किराये पर दी गईं थी। इनका एग्रीमेंट पूरा हो चुका है। इसके बाद भी दुकान खाली नहीं की जा रही हैं। उनकी जगह पर वर्तमान एओए एक फॉर्मेसी, ड्राइक्लीनिंग और फिजियोथेरेपी सेंटर शुरू करना चाहती है, लेकिन इसके लिए उन्हें मदद नहीं मिल रही है।