मकर संक्रांति का पर्व बुधवार को शहर को बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इसके साथ ही सभी मांगलिक कार्य भी शुरू हो गए। इस अवसर पर पूरे शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही, जिन्होंने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की। शहर के विभिन्न सेक्टर, सोसाइटी और गांव इलाकों में स्थित मंदिरों में सैकड़ों भक्त पहुंचे। लोगों ने स्नान-पूजन के बाद भगवान को खिचड़ी का भोग अर्पित किया। इस पारंपरिक रिवाज ने सभी के चेहरों पर प्रसन्नता और उत्साह भर दिया। वहीं, शहर में बृहस्पतिवार को भी जगह-जगह मकर संक्रांति पर्व पर खिचड़ी वितरित की जाएगी। ग्रेटर नोएडा के बीटा, अल्फा, गामा, ईटा, जीटा, पाई, चाईफाई, पी-3, ओमेगा, ओमीक्रॉन, डेल्टा आदि सेक्टर और शहर की विभिन्न सोसाइटियों में बने मंदिर समेत गांव के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। कई मंदिरों और सामाजिक संगठनों द्वारा भक्तों और जरूरतमंदों के लिए खिचड़ी का वितरण भी किया गया। यह परंपरा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि शहर में भाईचारे और सामाजिक एकता को भी मजबूत करती है। इस अवसर पर बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी ने उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिससे त्योहार का माहौल और भी मनोहारी बन गया। वहीं, कई क्षेत्रों में लोग आपसी मेल-जोल और मिठाई वितरण के माध्यम से पर्व की खुशी बांटते नजर आए। बृहस्पतिवार को भी शहर में जगह-जगह खिचड़ी का वितरित की जाएगी। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ईटा-1 स्थित महर्षि पाणिनि वेद-वेदांग विद्यापीठ (गुरुकुल) में मकर संक्रांति पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के बाद प्रसाद के रूप में खिचड़ी का भंडारा वितरित किया गया। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमीक्रॉन-3 स्थित श्री नंदेश्वर महादेव मंदिर पर उत्तराखंड परिवार ओमीक्रॉन-3 की ओर से उत्तरायण मक्रणी संक्रांति पर्व पर पांच कुंडी हवन, पूजन व भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला, बच्चों व बुजुर्गों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। संरक्षक व आचार्य पंडित मूर्तिराम आनंदवर्द्धन नौटियाल ने बताया कि घर हुए भूखे व्यक्ति को भोजन कराना, गाय को रोटी देना, चींटियों को आटा डालना, कुत्ते को रोटी देना, समाज व देश की सेवा यज्ञ हो जाता है। समिति के अध्यक्ष मनोज असवाल का कहना है कि उत्तराखंडवासी उत्तराखंड से ग्रेटर नोएडा में आकर रह रहे हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उत्तराखंड की संस्कृति से अवगत कराना है। ग्रेटर नोएडा में बीते चार वर्षों से मकर संक्रांति पर्व मनाया जा रहा हैं। जयपाल डंगवाल, विनोद चंद्र जोशी, बृजमोहन नेगी, विजेंद्र सिंह बिष्ट, भोपाल सिंह रौतेला, तिरपन सिंह राणा, रजनी अस्वल, राधा देवी नौटियाल, नीमा चौहान, मंजू राणा, शांति देवी आदि मौजूद रही।