अमर उजाला की ओर से आयोजित जूनियर शतरंज प्रतियोगिता-2025 के तीसरे दिन बुधवार को सेक्टर-62 स्थित कार्ल ह्यूबर स्कूल में छात्रों ने शानदार रणनीति और तेज विश्लेषण क्षमता का प्रदर्शन किया। मुकाबले सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चली। प्रतियोगिता में कक्षा 2 से 10 तक के कुल 30 छात्रों ने भाग लिया। इस वर्ष की प्रतियोगिता दो आयु वर्गों 5 से 12 वर्ष (जूनियर) और 13 से 18 वर्ष (सीनियर) में विभाजित की गई है। प्रत्येक मैच के लिए 15-15 मिनट का समय निर्धारित था, जबकि टाई की स्थिति में 5 मिनट अतिरिक्त दिए गए। मुकाबले चार राउंड तक चले, और जैसे-जैसे हर राउंड आगे बढ़ा, खेल का रोमांच भी कई गुना बढ़ता गया। कुछ मैच इतने नज़दीकी रहे कि जीत-हार एक सही मूव और चंद सेकंडों से तय हुई। शतरंज प्रतियोगिता के सभी मानक और दिशा-निर्देश उत्तर प्रदेश शतरंज स्पोर्ट्स एसोसिएशन की निगरानी में पूरे किए जा रहे हैं।