नोएडा में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा का रविवार को सेक्टर-73 स्थित श्याम सिंह स्मारक कन्या इंटर कॉलेज में सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। परीक्षा को लेकर छात्रों में उत्साह देखने को मिला। जेवर, दनकौर सहित दूर-दूर के ग्रामीण क्षेत्रों से छात्र-छात्राएं परीक्षा देने पहुंचे। स्कूल प्रशासन के सहयोग से दो पालियों में शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से परीक्षा हुई। पहली पाली में परीक्षा सुबह 11 बजे शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे तक चली। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं समय से पहले ही परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे। विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया और निगरानी को सुनिश्चित किया गया। विद्यार्थियों को निर्धारित कक्षाओं में भेजा गया, जहां पर्यवेक्षकों ने आवश्यक निर्देशों का पालन करवाते हुए उत्तर पुस्तिकाएं वितरित कीं। परीक्षा के दौरान पूर्ण पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखा गया।