इकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान एसीई सिटी गोलचक्कर के पास जलपुरा जाने वाली सर्विस रोड से मोबाइल स्नैचर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान निहाल विहार, 50 फुटा रोड दिल्ली के रवि के रूप में हुई है। आरोपी वर्तमान में शाकीपुर गांव थाना सूरजपुर क्षेत्र में रह रहा था। आरोपी के कब्जे से लूट के तीन मोबाइल, बिना नंबर प्लेट की बाइक, तमंचा, कारतूस बरामद हुआ है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी का कहना है कि शुक्रवार को पुलिस चोगानपुर गोल चक्कर के पास सूरजपुर से एसीई सिटी गोल चक्कर की तरफ जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान अपाचे बाइक सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह नहीं रुका। बाइक को तेज रफ्तार से चौगानपुर से एसीई सिटी गोल चक्कर की तरफ जाने वाली सर्विस रोड पर भगाने लगा। पुलिस टीम द्वारा बाइक का पीछा किया गया तो बदमाश ने खुद को घिरता देख बाइक से उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान रवि के रूप में हुई है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। बदमाश के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, लूट, आबकारी अधिनियम में बादलपुर कोतवाली में पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पिछले तीन वर्षों से अपराध में लिप्त था। अबतक अनगिनत वारदात को अंजाम दे चुका है। खासतौर से राह चलते लोगों को तमंचे के बल पर लूटता था। लूट और चोरी के मोबाइल को आरोपी जहां पर बेचता था पुलिस उनकी तलाश कर रही है।