दनकौर कोतवाली दनकौर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे से उतरने वाले रैंप की सड़क का एक हिस्सा किनारे से धंस गया है। वहां गहरा गड्ढा हो गया है। जिससे हादसा होने का खतरा बन हुआ है। आसपास के लोगों के साथ वाहन चालकों ने इसकी शिकायत की। आरोप है कि शिकायत के बाद भी अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। गलगोटिया विश्वविद्यालय के पास यमुना एक्सप्रेस-वे से दनकौर व अन्य सेक्टरों के लिए उतरने का रैंप बना हुआ है। वहां टोल बूथ भी है। जहां एक्सप्रेसवे से रैंप की सड़क शुरू होती है, वहीं पर किनारे एक गड्ढा हो गया है। लोगों का कहना है कि बारिश के पानी से सड़क धंस गई। बार बार शिकायत की जा रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बारिश के मौसम में सड़क के साथ एक्सप्रेसवे को भी नुकसान पहुंच सकता है। सड़क कट सकती है। साथ ही रात के समय वाहन भी गड्ढ़े में गिर सकते है। लोगों ने सोशल मीडिया पर भी शिकायत की है।