ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी फोर्थ एवेन्यू में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) का चुनाव नहीं कराए जाने से नाराज निवासियों ने शनिवार को सोसाइटी में प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी तंत्र के साथ मिलकर मौजूदा एओए द्वारा चुनाव को रोका जा रहा है। लोगों का आरोप है कि उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। निवासियों ने बताया कि इस एओए का कार्यकाल बीते अगस्त माह में समाप्त हो गया था। इसके बाद चुनाव कराया जाना था, लेकिन चार माह बीतने के बावजूद चुनाव नहीं कराया गया है। यहां पर लगातार नए-नए रेगुलेशन थोपकर निवासियों को परेशान किया जा रहा है। निवासियों की मांग पर फर्म्स सोसाइटीज एवं चिट्स के डिप्टी रजिस्ट्रार द्वारा चुनाव कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए अधिकारी भी उन्होंने नियुक्त किया, लेकिन इसके बावजूद चुनाव नहीं कराया जा रहा है। हर बार यह आश्वासन दिया जा रहा है कि 15 से 20 दिन में चुनाव हो जाएगा, लेकिन अगस्त से दिसंबर का समय आने पर भी चुनाव चुनाव नहीं कराए गए हैं। सोसाइटी निवासियों की मांग है कि किसी की तानाशाही नहीं चलनी चाहिए। सोसाइटी के लोगों को भी अधिकार मिलना चाहिए। प्रत्येक वर्ष यहां चुनाव होते थे और इस बार भी चुनाव होने चाहिए। लोगों को मतदान कर एओए चुनने का अधिकार मिलने चाहिए। निवासियों ने आरोप लगाया कि बिना जीबीएम के 92 लाख का पेंट वेंडर लाकर यहां के लोगों के मीटर से जबरन वसूली की। निवासियों को डराने धमकाने के लिए बाउंसर रखे गए हैं। जो सोसाइटी के लिए खुद खतरा बन गए हैं। सोसाइटी में किसी का एक छत्र राज नहीं चलना चाहिए और यहां के निवासियों को मतदान के अधिकार से दूर नहीं किया जा सकता। हर साल चुनाव होते थे और अभी भी चुनाव होना चाहिए। एओए के भ्रष्टाचार एवं अत्याचार से लोग परेशान एवं नाराज हैं। निवासियों की मांग है कि जल्द एओए के चुनाव कराए जाएं।