नोएडा में शारदीय नवरात्र के अवसर पर शहर में आज से विभिन्न स्थानों पर प्रमुख रामलीला मंचन का शुभारंभ होगा। आयोजक समितियों ने तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए मंच, झांकियों और लाइटिंग को सजाया है। इस बार मंचन की शुरुआत नारद मोह प्रसंग से होगी। इसके बाद प्रतिदिन सीता स्वयंवर, राम-वनगमन, सीता हरण, संजीवनी प्रसंग और अंत में राम-रावण युद्ध जैसे विशेष प्रसंग मंचित किए जाएंगे।रामलीला महोत्सव सनातन धर्म रामलीला समिति द्वारा सेक्टर 21ए स्थित नोएडा स्टेडियम, सेक्टर 110 स्थित महर्षि नगर, सेक्टर-62 स्थित रामलीला मैदान, सेक्टर-46, सेक्टर 12 की स्कूल मैदान और अन्य प्रमुख मैदानों में आयोजित होगी। नोएडा स्टेडियम में 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगा। आयोजन का शुभारंभ सोमवार शाम 7 बजे गणेश पूजन से होगा। इस बार मंचन हरी भक्त कला ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा, जिसमें दिल्ली और मुंबई के टीवी व फिल्म कलाकार हिस्सा लेंगे। 26 सितंबर को भव्य राम बारात सेक्टर-19 से निकलकर स्टेडियम पहुंचेगी।सभी समितियों ने इस 12-दिन के रामलीला महोत्सव में श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था 5,000 लोगों के लिए की गई है, वहीं सुरक्षा के लिए कैमरे और प्रशिक्षित गार्ड तैनात रहेंगे।