फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida: यूपीकेएल सीजन-2 के सातवें दिन पूर्वांचल पैंथर्स का दबदबा, ब्रिज स्टार्स को 13 अंकों से हराया

अनुज कुमार Updated Wed, 31 Dec 2025 10:08 PM IST

नोएडा सेक्टर-21ए स्थित नोएडा इंडोर स्टेडियम में चल रही उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (यूपीकेएल) सीजन-2 के सातवें दिन बुधवार को रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला देखने को मिला। दिन के पहले मैच में पूर्वांचल पैंथर्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए ब्रिज स्टार्स को 13 अंकों से शिकस्त दी। यह मुकाबला 48–35 के स्कोर के साथ पूर्वांचल पैंथर्स के नाम रहा। इसके साथ ही टीम ने टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। मैच की शुरुआत दोनों टीमों की आक्रामक रेडिंग के साथ हुई, जिससे शुरुआती मिनटों में मुकाबला काफी बराबरी का रहा। पहले हाफ का टर्निंग प्वाइंट तब आया, जब पूर्वांचल पैंथर्स ने ब्रिज स्टार्स को ऑल-आउट कर दिया। इस बढ़त में रेडर हृतिक राठी की अहम भूमिका रही, जिनकी सफल रेड्स ने टीम को मनोवैज्ञानिक बढ़त दिलाई। हाफ टाइम तक पूर्वांचल पैंथर्स 5 अंकों की बढ़त बना चुकी थी। दूसरे हाफ में पूर्वांचल पैंथर्स का डिफेंस पूरी तरह हावी नजर आया। यह उनका अब तक का सबसे सशक्त रक्षात्मक प्रदर्शन माना गया। ब्रेक के तुरंत बाद मिले एक और ऑल-आउट ने उनकी बढ़त को और मजबूत कर दिया, जबकि ब्रिज स्टार्स की टीम डिफेंस और रेडिंग में तालमेल बिठाने के लिए संघर्ष करती दिखी। मैच के अंतिम पांच मिनटों में रेडर भानु प्रताप ने निर्णायक सुपर रेड करते हुए तीन अहम अंक जुटाए। इसके बाद एक और ऑल-आउट ने मुकाबले पर पूर्वांचल की पकड़ पूरी तरह मजबूत कर दी। सातवें दिन कुल चार मुकाबले खेले गए। अन्य मैचों में गजब गाजियाबाद का सामना संगम चैलेंजर्स से हुआ, कानपुर वॉरियर्स ने यमुना योद्धाज से भिड़ंत की, जबकि जेडी नोएडा निंजाज और अलीगढ़ टाइगर्स के बीच भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इस खास दिन को और यादगार बनाने के लिए 2025 महिला कबड्डी विश्व कप विजेता भारतीय टीम की सदस्य अनु कुमारी बतौर गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में मौजूद रहीं। अनु कुमारी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और यूपीकेएल जैसे मंच की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी लीग्स जमीनी स्तर पर प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाती हैं। यूपीकेएल प्रबंधन ने बताया कि लीग का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच देना और कबड्डी को गांव-गांव तक मजबूत करना है। दर्शकों की बढ़ती भीड़ और खिलाड़ियों का जोश यह साबित कर रहा है कि यूपीकेएल सीजन-2 उत्तर प्रदेश में कबड्डी के नए अध्याय की नींव रख रहा है। उनकी मौजूदगी ने मुकाबलों का उत्साह और भी बढ़ा दिया।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें