अमर उजाला मार्केट संवाद: मामूरा बाजार में पार्किंग, बिजली और जाम की समस्याएं विकराल, सार्वजनिक टॉयलेट तक नहीं नोएडा। शहर के प्रमुख बाजारों में शामिल सेक्टर-66 स्थित मामूरा बाजार आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। यहां पार्किंग, बिजली और भीषण जाम जैसी समस्याएं व्यापारियों और ग्राहकों दोनों के लिए नासूर बन गई हैं। इतना ही नहीं, यहां के कार बाजार में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा तक उपलब्ध नहीं है, जिससे खासकर महिलाओं को भारी असुविधा होती है। ये बातें व्यापारियों ने अमर उजाला और उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अमर उजाला मार्केट संवाद कार्यक्रम में कही। प्रतिनिधि मंडल के चेयरमैन नरेश कुच्छल, विपिन चौहान, जयपाल सिंह, समय सिंह, अंकित कौशिक, विक्रांत चौहान आदि ने बाजार की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। मामूरा के व्यापारियों का कहना है कि बाजार में दिनभर हजारों लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं, लेकिन वाहन खड़े करने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। इससे सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से खड़ी गाड़ियां जाम का कारण बनती हैं। मेट्रो स्टेशन के आसपास अतिक्रमण हो गया है। वहीं, बिजली की अनियमित आपूर्ति से दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि बाजार के आधे हिस्से समेत कार मार्केट में कोई सार्वजनिक टॉयलेट नहीं है, जिससे स्वास्थ्य और स्वच्छता की स्थिति और बदतर हो रही है।--- व्यापारियों का कोट : - हम हर महीने टैक्स देते हैं, लेकिन सुविधाएं शून्य हैं। ग्राहकों की भीड़ तो है, लेकिन उन्हें पार्किंग और शौचालय की कमी के कारण परेशान होना पड़ता है। - मनोजभाटी, वरिष्ठ महामंत्री प्रतिनधि मंडल। - मार्केट में आने वाले वाहन चालकों व खरीदारों के लिए हर दिन घंटों जाम में फंसते हैं। कई बार ग्राहक वापस लौट जाते हैं, जिससे व्यापार पर असर पड़ता है। स्थानीय प्रशासन को जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए। -मऔतार, यूपी उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष।- महिला खरीदारों के लिए मामूरा बाजार में आना-जाना बेहद कठिन हैं। यहां न तो पार्किंग की सुविधा हैं, न सुरक्षा के पुख्ता बंदोवस्त हैं। बुनियादी सुविधाओं में कार मार्केट की ओर सार्वजनिक टॉयलेट भी नहीं हैं। कई बार महिला ग्राहकों को घरों में भेजना पड़ता है।- नरेश कुच्छल, चेयरमैन, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल।- सेक्टर-66 मामूरा मार्केट में बिजली कटौती बड़ी समस्या है। रोज हो रही कटौती से कारोबार चौपट हो रहा है। इनवर्टर भी जवाब देने लगा है। प्रशासन और प्राधिकरण को इस दिशा में पहल करनी चाहिए। - ओमपाल शर्मा, व्यापारी।- मामूरा बाजार नोएडा का पुराना मार्केट है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं। बार-बार शिकायतों के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती। - अमर चौहान, व्यापारी।- मामूरा मार्केट से निकल कर सेक्टर-71 वाली रोड की तरफ भी विकसित हो गया है। करीब दो किलोमीटर से अधिक की परिधि में फैले से इस बाजार में जाम का कांटा व्यापारियों व खरीदारों को पूरे दिन चुभता है। इस दिशा में उचित कदम उठाने की जरूरत है। - दिनेश महावड़, वरिष्ठ महामंत्री।