ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के लिए संकल्प संस्था की ओर से शनिवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। संस्था के पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी विकास व कृष्ण कुमार को शॉल पहना कर सम्मानित किया। संस्था के संस्थापक मा. भूपेन्द्र नागर ने बताया कि हरियाणा के करनाल स्थित हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन में 20 से 24 सितंबर तक 74 वीं क्लस्टर ऑल इंडिया पुलिस गेम्स का आयोजन हुआ। इसमें जिले के विकास व कृष्ण कुमार ने आर्म रेसलिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने अपने भार वर्ग स्वर्ण पदक जीता। शनिवार को दोनों खिलाड़ियों को दादरी के अच्छेजा गांव में संस्था व ग्रामीणों की ओर से सम्मानित किया गया। दोनों खिलाड़ी उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर सेवा दे रहे है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नही है। अगर उनको उचित संसाधन व प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जाए, तो खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर सकेंगे। इसके लिए यूपी सरकार को भी हरियाणा मॉडल की तर्ज पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय कुश्ती पहलवान बबिता नागर, संजय नागर, चमन नागर, जीतराम सिंह, जय सिंह, रामकुमार प्रधान, वीरेंद्र प्रधान, वेद नागर ने खिलाड़ियों को बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरजीत नागर और संचालन चमन नागर ने किया।