नोएडा के सलारपुर गांव में रविवार रात को ठेले पर अंडा लेने के दौरान दो लोगों में विवाद हो गया और एक शख्स ने दूसरे युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें घायल युवक की मौत हो गई। कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बिहार के छपरा के रहने वाले 27 वर्षीय राजन शाह सलारपुर गांव में रहते थे। पास में ही बिहार मोतिहारी के सुरेश भी रहता है। दोनों मजदूरी करते हैं और आपस में एक-दूसरे से परिचित हैं। रविवार देर रात गांव में एक ठेले पर दोनों अंडा खरीद रहे थे। अंडा लेने के दौरान कहासुनी हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ भी एकत्रित हो गई। लोगों ने दोनों समझाने का सुरेश ने गुस्से में ठेले से चाकू उठाया। राजन शाह पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। राजन लहूलुहान होकर सडक़ पर गिर गया। इसके बाद मौके पर पुलिस व घर के लोग पहुंचे और नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। वहां पर राजन की मौत हो गई। एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। इस घटना के दो तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें भीड़ भाड़ व लोग इधर-उधर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।