अब मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत जिले में न्यायिक परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी। यह प्रदेश का दूसरा सेंटर होगा। अब तक केवल इलाहाबाद में ही इसकी तैयारी कराई जाती है। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में जुलाई से क्लास शुरू करने की तैयारी है। जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अब तक इलाहाबाद में ही न्यायिक परीक्षा की तैयारी मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत कराई जाती रही है। इस साल से शासन ने गौतमबुद्धनगर में भी कोचिंग देने के निर्देश दिए हैं। जुलाई माह से गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में क्लास शुरू करने की तैयारी है। न्यायिक सेवा की तैयारी के लिए अब तक करीब 90 लोगों ने आवेदन किया है। जून माह के अंत कर आने वाले आवेदनों पर विचार करने के बाद जुलाई में चालू की जाएगी। उन्होंने बताया कि एनडीए और सीडीएस की तैयारियां भी जिले में होगी। सैन्य अधिकारियों की परीक्षा की तैयारियां करने के लिए कोचिंग देने के लिए सिलारपुर कलां में एनटीपीसी के सहयोग से सेंटर चलाया जा रहा है। कोचिंग पूरी तरह से फ्री में होगी। उन्होंने बताया कि वहीं नोएडा के सेक्टर 37 के भीमराव अंबेडकर भवन में सिविल सर्विस की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए सेंटर चल रहा है। अब सायं के समय उसी भवन में जेईई की तैयारियां भी कराई जाएगी। अब तक पंचशील कॉलेज में क्लास चल रही थी। वहां पर बच्चों को आने जाने में दिक्कतें हो रही थी। उन्होंने बताया कि जिले में यूपीएससी, यूपीपीएससी, पीसीएस जे, जेईई एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियां नि:शुल्क कराई जाती है। इसके लिए विशेषज्ञयों और प्रवक्ताओं की जरूरत है। इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बनी समिति के द्वारा इनका चयन किया जाएगा। उनको घंटे के अनुसार मानदेय दिया जाएगा।