नोएडा का सबसे पुराना और आम खरीदारों के लिए भंगेल सबसे बड़ा बाजार है। बावजूद इसके यह बाजार मौजूदा समय में प्रशासन और प्राधिकरण के अनदेखी के कारण बदहाली का शिकार है। करीब दो हजार से अधिक थोक और खुदरा व्यापारियों का कारोबार बाजार की दयनीय स्थिति के कारण ठप होने की कगार पर है। एलिवेटेड रोड के निर्माण से कई रास्ते बंद हो गए हैं, और जो खुले हैं, उन पर अतिक्रमण ने पैदल चलना और बाइक से आवागमन तक मुश्किल कर दिया है। ये बातें यहां के व्यापारियों ने गेझा रोड मार्केट में आयोजित अमर उजाला मार्केट संवाद कार्यक्रम में साझा किया। व्यापारियों का कहना है कि नालियों का बंद होना, जाम की समस्या और पार्किंग व शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव खरीदारों की संख्या में कमी का बड़ा कारण बन रहा है। प्राधिकरण और प्रशासन की अनदेखी से व्यापारी हताश हैं। व्यापारियों के कोट - एलिवेटेड रोड के बाद से बाजार तक पहुंचने वाले रास्ते बंद हो गए। ग्राहक दुकान तक नहीं पहुंच पाते, जिससे बिक्री आधी रह गई है। प्रशासन कोई सुनवाई नहीं करता।- मनोज गोयल, अध्यक्ष भंगेल व्यापार मंडल। - बाजार में नालियां जाम हैं, गंदगी का आलम है। खरीदारों को आने में परेशानी होती है। प्राधिकरण को कई बार शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है।-बृजेश त्यागी, व्यापारी। - इतने बड़े बाजार होने के बावजूद यहां पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। ग्राहक गाड़ी खड़ी करने के लिए जगह नहीं मिलने पर वापस चले जाते हैं। जो ग्राहक किसी तरह दुकान तक पहुंचते हैं, उनके गाड़ी खड़ी करते ही नो पार्किंग के रुप में हजार से दो हजार रुपये के चालान काट दिए जाते हैं। जिससे व्यापार ठप हो रहा है।-सचिन सिंह, व्यापारी। - भंगेल मुख्य बाजार और गेझा रोड पर अतिक्रमण इतना है कि पैदल चलना मुश्किल है। ग्राहकों को दुकान तक पहुंचने में समय लगता है, जिससे वे दूसरी जगह चले जाते हैं।- सुशील कुमार, व्यापारी। - मार्केट में शौचालय की सुविधा न होने से महिला ग्राहकों को खास परेशानी होती है। बाजार में बुनियादी सुविधाओं का अभाव व्यापार को चौपट कर रहा है। जिला प्रशासन की व्यापार बंधु बैठक में इसकी शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो पा रहा है।-हेमंत, व्यापारी। - जाम और गंदगी ने भंगेल बाजार की साख को नुकसान पहुंचाया है। प्रशासन को तुरंत कदम उठाने चाहिए, वरना व्यापारी बर्बाद हो जाएंगे। प्राधिकरण और प्रशासन अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाए, नालियों की सफाई कराए, पार्किंग और शौचालय की व्यवस्था करे ताकि बाजार फिर से गुलजार हो सके।- सौरभ जिंदल, व्यापारी।