फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्कूल बंद...गेट पर बीएलओ: कई स्कूलों में हेडमास्टर को छोड़ सभी टीचर की लगी है ड्यूटी; इस वजह से पढ़ाई ठप

अनुज कुमार Updated Wed, 19 Nov 2025 05:05 PM IST

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में बड़ी संख्या में शिक्षकों के लगे होने की वजह से कई सरकारी स्कूलों में पढ़ाई लगभग ठप हो गई है। हाइब्रिड मोड के नाम पर छात्रों की छुट्टी कर दी गई है, जबकि वास्तव में न तो ऑनलाइन कक्षा का संचालन हो रहा है और न ही स्कूल परिसर में छात्र मौजूद हैं। कई प्राथमिक विद्यालयों में स्थिति यह है कि हेडमास्टर को छोड़कर लगभग सभी शिक्षक बीएलओ के काम में लगे हुए हैं। ऐसे में स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई के बजाय मतदान सूची से जुड़े फार्म जमा करने वालों की भीड़ लगी है। कई प्राथमिक स्कूलों में ऐसा ही हाल है। मंगलवार को अमर उजाला की टीम जब आदर्श प्राथमिक विद्यालय, चौड़ा सहादतपुर पहुंची तो स्कूल में सिर्फ तीन–चार बच्चे ही मौजूद थे। ये छात्र नवोदय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए आए थे, जबकि बाकी बच्चों को छुट्टी दे दी गई है। स्कूल प्रशासन ने दावा किया कि कक्षाएं हाइब्रिड मोड में चलाई जा रही हैं, लेकिन न तो ऑनलाइन कक्षाओं का कोई प्रमाण मिला और न ही विद्यार्थी दिखाई दिए। स्कूल में कुल 14 शिक्षक तैनात हैं, जिनमें से 12 बीएलओ कार्य में, एक शिक्षिका चाइल्ड केयर लीव पर हैं। इस वजह से पूरा विद्यालय केवल हेडमास्टर के भरोसे चल रहा है। वहीं, हेडमास्टर राजबाला का कहना है कि ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। वहीं, कई अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने आज तक ऑनलाइन क्लास संचालित होते नहीं देखी। घर-घर वेरिफिकेशन के दौरान बीएलओ शिक्षकों को सेक्टरों में लोगों के सहयोग की कमी का सामना करना पड़ रहा है। कई निवासी आधे घंटे इंतजार के बाद भी गेट नहीं खोल रहे हैं। महिला शिक्षक बताती हैं कि उन्हें रात 8 बजे तक सेक्टरों में बैठकर काम करना पड़ रहा है। कई घरों पर तीन-तीन बार जाना पड़ रहा है। सुरक्षा और समय दोनों ही उनके लिए चुनौती बन चुके हैं। हालांकि कई आरडब्ल्यूए की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि वह इस काम बीएलओ का सहयोग करें। सेक्टर- 55 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संजय मावी की ओर से आरडब्ल्यूए में कम्यूनिटी सेंटर में उनके बैठने की व्यवस्था की की गई है। जब बीएलओ फिल्ड से लौटकर आ रही है तो कुछ लोग कम्यूनिटी सेंटर में आकर काम करवा रहे हैं। स्कूल की पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए शिक्षक बारी-बारी से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के लिए जा रहे हैं। राहुल पंवार, बेसिक शिक्षा अधिकारी

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें