ग्रेटर नोएडा में किसान इंटर कॉलेज दनकौर में इंडोर स्टेडियम का शिलान्यास 29 नवंबर को राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी करेंगे। स्टेडियम के लिए केंद्रीय मंत्री ने अपने बजट से दो करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। एक साल में बनकर तैयार करने की उम्मीद है। शिलान्यास कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की तैयारी है। पार्टी स्तर पर पदाधिकारी अधिक से अधिक लोगों को जुटाने का प्रयास कर रहे है। राष्ट्रीय लोकदल के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी योगेंद्र सिंह ने बताया किसान आदर्श इंटर कॉलेज दनकौर की करीब तीन बीघा जमीन पर बनने वाले इंडोर स्टेडियम में कबड्डी, कुश्ती, वालीबॉल, टेबल टेनिस, मुक्केबाजी आदि खेलों की सुविधाएं होंगी। इसका रखरखाव कॉलेज प्रबंधन द्वारा किया जाएगा, जबकि संचालन जिला खेल विभाग की देख रेख में किया जाएगा। यह स्टेडियम छात्र-छात्राओं के साथ क्षेत्र के सभी युवाओं के लिए खुला होगा। जिले के खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए कोच की नियुक्ति भी की जाएगी। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की सभी सुविधाएं होंगी। स्टेडियम का 29 नवंबर को शिलान्यास किया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता अजित सिंह दौला ने बताया कि केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने अपना बजट युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए खर्च करने का निर्णय लिया है। पार्टी जिलाध्यक्ष समेत पदाधिकारियों ने उनसे जिले में स्टेडियम बनाने के लिए अनुरोध किया था। उनको किसानों के नाम पर किसान इंटर कॉलेज को स्टेडियम के लिए चुनकर अपने निधि से दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई थी।