यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के उद्देश्य से नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को परी चौक पर जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस ने रोटरी क्लब ऑफ ग्रेटर नोएडा के सहयोग से संचालित किया जिसमें बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए और उन्हें यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। डीसीपी ट्रैफिक प्रवीण रंजन ने सड़कों पर दोपहिया वाहनों को रोककर चालकों से बात की और उन्हें हेलमेट वितरित किए। उन्होंने कहा यह हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं हैं। बल्कि ये आपकी सुरक्षा और जीवन की रक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनका इस्तेमाल सुनिश्चित करें ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में गंभीर चोट से बचा जा सके। इस दौरान यातायात पुलिसकर्मियों ने उन दोपहिया वाहन चालकों को भी रोका जो खराब गुणवत्ता वाले या टूटे हुए हेलमेट पहने हुए थे। पुलिस कर्मियों ने उन्हें सुरक्षित हेलमेट की सही क्वालिटी और मानक समझाए और तुरंत उन्हें नए, उच्च गुणवत्ता वाले हेलमेट भी वितरित किए। अभियान के दौरान एसीपी ट्रैफिक राकेश प्रताप, टीआई अमर सिंह, और रोटरी क्लब ऑफ ग्रेटर नोएडा के मुकुल गोयल मौजूद रहे। सभी ने मिलकर वाहन चालकों को रोका और उन्हें यातायात सुरक्षा के नियमों, जैसे- गति सीमा का पालन, सही लेन में ड्राइविंग, और मोबाइल फोन का उपयोग न करने के बारे में जागरूक किया।