सेक्टर पी-3 के सी एवं डी ब्लॉक की लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़कों के रीसरफेसिंग कार्य की शानिवार को शुरुआत हो गई। निवासियों को अब टूटी सड़कों से राहत मिल सकेगी। लोगों का कहना है कि वे कई महीनों से सड़कों की खराब स्थिति को लेकर संबंधित विभाग और प्राधिकरण के अधिकारियों से लगातार मांग कर रहे थे। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अमित भाटी ने बताया कि सेक्टर की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और पैदल चलने वालों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दौरान सड़कों पर जलभराव होने से स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी। कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी थी, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। निवासियों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने कई बार अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर सड़कों की मरम्मत की मांग उठाई थी। अश्विनी यादव ने बताया कि अच्छी सड़कें किसी भी सेक्टर की मूलभूत आवश्यकता होती हैं। खराब सड़कों के कारण न केवल आवागमन प्रभावित होता है, बल्कि वाहनों को भी नुकसान पहुंचता है। अब निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि सड़क निर्माण के बाद सेक्टर में आवागमन सुगम होगा और लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान मिल सकेगा।