नोएडा सेक्टर-50 स्थित कोठारी इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को वार्षिक महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा चार और पांच के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और मंचीय कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को मंच प्रदान कर उनकी अभिव्यक्ति क्षमता को सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत शुभम करोती गीत की मधुर स्वरलहरियों और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि के रूप में जमशेद कमर सिद्दीकी उपस्थित रहे। विद्यालय की प्राचार्या डा. संगीता अरोरा व डॉ. अविनाश गुप्ता ने उनका स्वागत किया। साथ ही ज्ञान की ओडिसी नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने आर्यभट्ट के युग से लेकर कोविड काल तक मानव सभ्यता के विकास की जीवंत झलक प्रस्तुत की। संगीत व नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर सीखने की प्रेरणा दी।