सेक्टर-57 चौराहे पर लगा विशालकाय डबल पोल साइनेज शनिवार को टूट गया। टूटने के बाद दोनों पोल तो खड़े थे लेकिन बीच में दिशा और सेक्टरों का रास्ता बताने वाला बोर्ड लटकने लगा। जहां पर यह डबल पोल साइनेज लगा था। वहीं पर सेक्टर-58, 59 की तरफ से सेक्टर-22 और दिल्ली की ओर जाने वाला ट्रैफिक सिग्नल पर रुकता है। नीचे सैकड़ों वाहन और ऊपर टूटा हुआ साइनेज देख पुलिस ने सतर्कता दिखाई। आनन-फानन में ट्रैफिक रुकवाया गया। नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्कल-5 की टीम पहुंची। दो क्रेन लगाकर टूटा हुआ साइनेज हटवाया गया। इसके बाद ट्रैफिक के लिए यह रास्ता फिर खोला गया। मौके पर जिसने भी देखा उसने यही कहा कि गनीमत रही कि टूटने के बाद यह साइनेज नीचे नहीं गिरा नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। जंग लगा हुआ था स्ट्रक्चर, साइनेज में लगे लोहे के पाइप भी जर्जर थे- डबल पोल साइनेज कैसे टूटा यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि बारिश और तेज हवा से टूटा। वहीं प्राधिकरण के वर्क सर्कल के जो कर्मचारी मौके पर हटवाने के लिए मौजूद थे उनका यह पक्ष रहा कि किसी ऊंचे वाहने ने टक्कर मारी है। लेकिन टूटने के बाद उतरवाया गया स्ट्रक्चर देखने पर यह पता चल रहा था कि जंग लगी हुई थी। इसके साथ ही लोहे के पाइप भी जर्जर हो चुके थे। दो क्रेन की मदद से यह स्ट्रक्चर हटवाया गया। यह साइनेज बोर्ड नोएडा ट्रैफिक सेल की तरफ से पूर्व में लगवाया गया था।